सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आह्वान पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल के द्वारा सूचना जारी करते हुए सभी सपा जिलाध्यक्षों, जिला उपाध्यक्षों, सांसद, विधायकों, जिला पंचायत सदस्य, बूथ अध्यक्षों इत्यादि सभी सपा कार्यकर्ताओं को समाजवादी पार्टी का "झण्डा लगाओ अभियान" की शुरुआत करने की बात कही गई है। यह अभियान 15 दिसम्बर से शुरू होकर 25 दिसम्बर तक जारी रहेगा।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव कार्यक्रमों की घोषणा जनवरी 2022 के प्रथम सप्ताह में की जा सकती है। तिथियों की घोषणा होने के बाद से ही आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसी दिशा में सपा की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने के क्रम में शुरुआत करने हेतु झण्डा लगाओ अभियान को जारी किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत सभी सम्मानित बूथ और सेक्टर, जोन के अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं , नेताओं पदाधिकारियों से आग्रह किया गया है कि राष्ट्रीय नेतृत्व व प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 15 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक घरों, कार्यालयों, समर्थकों व शुभचिंतकों के घरों और वाहनों (साइकिल, दोपहिया, चार पहिया) पर समाजवादी झंडा अनिवार्य रूप से लगाया जाए। कृपया इस काम को प्राथमिकता के आधार पर करने का काम करें और इसकी रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।