भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपनी वीरता के लिए जानी जाने वाली वीरांगना ऊदा देवी की आज पुण्यतिथि है। इस मौके पर दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री श्री सर्वेश अंबेडकर ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
गौरतलब है कि ऊदा देवी 'पासी' जाति से सम्बंधित एक वीरांगना थीं, जिन्होंने 1857 के 'भारतीय स्वतंत्रता संग्राम' में प्रमुखता से भाग लिया था। ये अवध के नवाब वाजिद अली शाह के महिला दस्ते की सदस्या थीं। ऊदा देवी पासी लखनऊ की रहने वाली थीं और उन्होंने लखनऊ के सिकन्दर बाग़ में एक पेड़ पर चढ़कर दो दर्जन से अधिक अंग्रेज़ सिपाहियों को मार डाला था। यद्यपि इस लड़ाई में काफ़ी देर तक संघर्ष करने के बाद ऊदा देवी भी शहीद हो गईं।
कहा जाता है कि उनकी इस स्तब्ध कर देने वाली वीरता से अभिभूत होकर अंग्रेज़ काल्विन कैम्बेल ने हैट उतारकर शहीद ऊदा देवी को श्रद्धांजलि दी थी। इसके साथ ही जर्मन दार्शनिक कार्ल मार्क्स ने भी ऊदा देवी की वीरता के बारे में जिक्र किया था। ऐसी वीरांगना को हम सभी का शत शत नमन है।